मूंग मसूर दाल की तेजी मंदी रिपोर्ट – 23 दिसम्बर 2025

मूंग मसूर दाल की तेजी मंदी रिपोर्ट - 23 दिसम्बर 2025
मूंग मसूर दाल की तेजी मंदी रिपोर्ट – 23 दिसम्बर 2025

साथियों, सोमवार को दालों के बाजार में दो अलग रंग दिखे – मूंग ने शांत और संयमित चाल चलते हुए स्थिरता बनाए रखी, जबकि मसूर ने हल्की तेजी का झोंका लेकर मन को थोड़ी राहत दी। दोनों ही फसलें किसानों की मेहनत का फल हैं, लेकिन बाजार की हवा इन दिनों थोड़ी अलग-अलग दिशा में बह रही है।

मूंग बाजार में फिलहाल कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं दिख रहा। दाल मिलें सिर्फ रोज की जरूरत भर ही माल उठा रही हैं, बड़ा स्टॉक बनाने से कतरा रही हैं – मार्जिन का दबाव और आगे की अनिश्चितता उन्हें सावधान बनाए हुए है। नतीजा यह कि भाव एक संकीर्ण दायरे में घूमते रहे। इंदौर में मीडियम क्वालिटी मूंग ₹7,500, जयपुर में चमकी मूंग ₹7,300, जलगांव में कर्नाटक चमकी ₹9,100 पर पूरी तरह स्थिर रहे, जबकि अकोला में चमकी मूंग ₹7,400 पर ₹100 की हल्की नरमी के साथ बंद हुई।

यह भी जरूर पड़े- उड़द दाल की तेजी मंदी रिपोर्ट – 23 दिसम्बर 2025

आवक लगातार बनी हुई है, लेकिन याद रखिए – खरीफ में इस बार बुवाई पिछले साल से कम रही थी, और रबी सीजन में भी अब तक बुवाई थोड़ी पिछड़ती नजर आ रही है। फिर भी केंद्र सरकार के केंद्रीय पूल से मूंग की नियमित बिकवाली बाजार पर हल्का दबाव बनाए हुए है। MSP पर खरीद तो हो रही है, मगर मात्रा सीमित होने से बड़ी तेजी को सहारा नहीं मिल पा रहा। अच्छी बात यह है कि बढ़िया क्वालिटी के माल की उपलब्धता धीरे-धीरे घट रही है – जो व्यापारियों के लिए आगे संकेत दे रही है कि मौजूदा भाव पर जरूरत के हिसाब से खरीद करना समझदारी हो सकती है।

दूसरी तरफ मसूर बाजार ने थोड़ा रंग दिखाया। दिल्ली में देसी मसूर ₹6,650, मध्य प्रदेश लाइन ₹7,600 पर ₹25 की तेजी के साथ और पटना में ₹6,850 पर कारोबार हुआ। आयातित मसूर में मुंद्रा-कांडला पर ₹5,500, हजीरा पर ₹5,625 और कनाडा कंटेनर में ₹5,800 पर स्थिरता बनी रही।

अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर कनाडा में मसूर का उत्पादन इस बार 38% बढ़कर 33.63 लाख टन होने का अनुमान है, जिससे वैश्विक सप्लाई पर दबाव बना हुआ है। फिर भी बंदरगाहों पर आयातित माल के भाव स्थिर हैं। घरेलू स्तर पर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की मंडियों में आवक सीमित बनी हुई है। रबी बुवाई 12 दिसंबर तक 14.60 लाख हेक्टेयर पहुंच चुकी है – पिछले साल के 14.57 लाख से थोड़ा आगे।

यह भी जरूर पड़े – अरहर /तुवर दाल की तेजी मंदी रिपोर्ट – 23 दिसम्बर 2025

हालिया गिरावट के बाद सप्ताहांत में मसूर में हल्की मजबूती लौटी, क्योंकि एमपी की प्रमुख लाइनों में आपूर्ति घटी है और स्टॉक भी कम बताए जा रहे हैं। कनाडा की सस्ती मसूर उपलब्ध तो है, लेकिन उसकी दाल रिकवरी कमजोर होने से मिलें खुलकर खरीद नहीं कर रही हैं। छोटी मसूर की कमी आगे चलकर बाजार को अच्छा सपोर्ट दे सकती है।

मंडी मार्केट मीडिया की नजर में दोनों बाजार निकट अवधि में स्थिर से सीमित दायरे में ही रहेंगे। मूंग में बढ़िया माल पर नजर रखें, मसूर में बड़ी उछाल अभी दूर है लेकिन सीमित आवक और संभावित फसल जोखिम के चलते नीचे का डर भी कम है।

किसान भाइयो और व्यापारी साथियो, बाजार सिखाता है कि धैर्य और समझदारी से ही लंबी जीत मिलती है। अच्छी क्वालिटी का माल संभालकर रखें, जरूरत से ज्यादा जोखिम न लें। सही समय पर सही कदम उठाने वाले ही अंत में मुस्कुराते हैं।

व्यापार हमेशा अपने विवेक, अपनी पूंजी की सुरक्षा और पूरी जानकारी के साथ करें।

जय किसान! जय व्यापार!

Leave a Comment