
कल मक्का के बाजार को करीब से देख रहा था तो दक्षिण और पश्चिम भारत में थोड़ी कमजोरी साफ नजर आई। तमिलनाडु और कर्नाटक में खरीदारों की रुचि कम रही, जबकि मंडियों में आवक बढ़ गई – यही वजह बनी कि भावों पर हल्का दबाव पड़ा।
कुछ प्रमुख भाव इस प्रकार रहे – गुलाब बाग मंडी में 2139, दिल्ली में यूपी लाइन की मक्का 2250 और बिहार लाइन 2280, छिंदवाड़ा में 1875, सह्याद्री स्टार्च पर 1900 और तिरुपति स्टार इंदौर पर 1850 रुपये क्विंटल। तमिलनाडु में नामक्कल में 2150 और पप्पमपट्टी में 2100 तक कोट हुए। बेंगलुरु लाइन में भी भाव 20 रुपये नरम पड़कर करीब 2100 के आसपास रहे। पिछले शुक्रवार की तुलना में औसतन 80 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज हो चुकी है।
ट्रेडर्स से बात करने पर पता चला कि तमिलनाडु के बड़े खरीदार अभी ज्यादा सक्रिय नहीं हैं, जबकि कर्नाटक से सप्लाई सुगम और लगातार बनी हुई है। हावेरी सहित कर्नाटक के कई इलाकों से नई फसल जनवरी में मंडियों तक पहुंचने वाली है, जिससे आगे सप्लाई और मजबूत हो सकती है। तमिलनाडु में भी मध्य जनवरी से नई मक्का आने की उम्मीद है और फसल की स्थिति फिलहाल काफी संतोषजनक बताई जा रही है।
यह भी जरूर पड़े – बासमती बाजार में सांसें थमी हुईं: उत्तर भारत में आवक घटी, लेकिन तेजी अभी सुस्त
महाराष्ट्र की तरफ देखें तो पिछले कुछ दिनों की अच्छी तेजी के बाद अब बाजार संकरी रेंज में कारोबार कर रहा है। कल अमलनेर मंडी में भाव 1825 रुपये के आसपास रहे, जहां करीब 1000 टन की आवक दर्ज की गई। यह हाल के हाई लेवल 1500 टन से कम जरूर है, लेकिन मौजूदा डिमांड के लिए पर्याप्त है। पिछले साल जनवरी में आवक महज 100 टन तक सिमट गई थी, जबकि इस बार 200-300 टन रोजाना रहने का अनुमान है, जो फरवरी की शुरुआत तक जारी रह सकता है। बेहतर बारिश और बुआई के चलते इस साल पैदावार पिछले सीजन से 15-20% ज्यादा होने की बात कही जा रही है, साथ ही बुआई क्षेत्र में भी 10-20% की बढ़ोतरी हुई है।
कुल मिलाकर सप्लाई चेन काफी मजबूत बनी हुई है। क्रिसमस और साल के अंत की छुट्टियों की वजह से निर्यात में थोड़ी सुस्ती है, इसलिए दिसंबर के बाकी दिनों में बाजार स्थिर से हल्का कमजोर ही रहने की संभावना ज्यादा है। हालांकि निचले स्तरों पर निर्यात की मांग उभर सकती है, इसलिए बड़ी गिरावट की गुंजाइश भी कम लगती है।
जो साथी माल होल्ड कर रहे हैं, उन्हें अगली ठोस तेजी के लिए थोड़ा और धैर्य रखना पड़ सकता है। बाजार रोजाना बदलता है, इसलिए अपनी स्थिति के हिसाब से फैसला लें – व्यापार हमेशा अपने जोखिम और विवेक पर ही करें।